CLOSE

Yoga Tips: पहली बार करने जा रहे हैं योगा तो इन बातों का रखें खास ख्याल, मिलेगा दोगुना फायदा

By Healthy Nuskhe | Jun 02, 2023

योगा हमारे जीवन में बहुत महत्व रखता है। सेहतमंद रहने के लिए योग से बेहतर कुछ भी नहीं है। स्वस्थ रहने के साथ ही शरीर की स्ट्रेचिंग और स्टेबिलिटी के लिए योगा एक बेस्ट ऑप्शन है। वैसे तो योगा बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए अच्छा माना जाता है। लेकिन योगा करते समय कुछ जरूरी बातों का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी होता है। खासतौर पर अगर आप भी पहली बार योगा करने जा रहे हैं। इसलिए पहली बार योगा करने के दौरान नीचे बताए गए इन टिप्स को ध्यान में रखकर डबल फायदा उठा सकते हैं। 

खाली पेट करें योगा
योगा करने के दौरान ध्यान रखें कि आप खाली पेट हों। अगर आपको सुबह उठकर कुछ खाने की आदत हो तो योगा करने में थोड़े समय का अंतर जरूर रखना चाहिए। जैसे सुबह आपने कुछ हल्का फुल्का नाश्ता या फल आदि खाए हैं तो 30 मिनट के अंतराल पर योगासन शुरू करना चाहिए। वहीं अगर आप पेट भर खाना खा चुके हैं, तो तकरीबन 2 घंटे के बाद योगासन शुरू करना चाहिए। योगा हमेशा सुबह या शाम को करना चाहिए।

शांत जगह पर करें योगा
योगा करने के दौरान किसी शांत जगह को चुनें। क्योंकि अधिक शोर-शराबे वाली जगह पर आप अच्छे से ध्यान आदि नहीं कर पाएंगे। इसलिए सुबह जल्दी उठकर घर के आंगन, पार्क या बालकनी में बैठकर योगा आदि कर सकते हैं। योगा करते समय मोबाइल और टीवी आदि का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। 

सूर्य नमस्कार
सबसे पहले सूर्य नमस्कार से योगा की शुरूआत करनी चाहिए। यह शरीर को वॉर्मअप करने का बेहतरीन तरीका होता है और इससे ब्लड फ्लो भी बेहतर होता है। वहीं किसी भी योगासन को करने से पहले सांस लेने और छोड़ने संबंधित नियम को जरूर जान लें। क्योंकि ऐसा न करने पर आपको कुछ दिक्कतें हो सकती हैं। 

ट्रेनर की मदद से शुरू करें योगा
अगर आप भी पहली बार योगा करने जा रहे हैं तो इस दौरान ट्रेनर की मदद ले सकते हैं। बता दें कि ट्रेनर आपको सही तरीके से योगा करने के बारे में बता सकता है। ऐसे में आपको यह भी पता चल जाएगा कि किस आसन को कितनी देर करना चाहिए। इसके अलावा आप योगा संबंधित कई बारीकियों को भी सीख सकते हैं।

Copyright ©
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.