Health Tips: आंखों से धुंधला दिखना हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत, न करें नजरअंदाज
- अनन्या मिश्रा
- Feb 01, 2025
आंखें हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। लेकिन लाइफस्टाइल और डाइट में गड़बड़ी की वजह से आंखों की समस्याएं दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही हैं। यहां तक कम उम्र के लोगों में भी आंखों की तमाम समस्याएं देखने को मिलती है। जिसमें से धुंधला दिखना ऐसी ही एक कॉमन समस्या है। हालांकि इसके कई संभावित कारण हो सकते हैं। आमतौर पर धुंधला दिखना आंख की बीमारियों के एक लक्षण के तौर पर देखा जाता है। लेकिन कुछ स्थितियों में शरीर में पनप रही किसी बीमारी की वजह से भी इस समस्या का संकेत मिल सकता है। यही वजह है कि इस समस्या को अनदेखा नहीं करना चाहिए। बढ़ती उम्र के साथ रोशनी कम होना और धुंधला दिखना कई समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको बताने जा रहे हैं कि किन स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से धुंधला दिखने की समस्या हो सकती हैं।
धुंधला दिखने के कई कारण
आई एक्सपर्ट की मानें, तो ड्राई आइज की समस्या हो या मोतियाबिंद की या फिर ग्लूकोमा हो। इन सभी में आंखों में धुंधला दिखाई देने लगता है। हालांकि हर बार यह समस्या आंखों की बीमारियों से जुड़ी हो, ऐसा जरूरी नहीं है। बता दें कि कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य स्थितियां भी आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकती हैं। जिन पर समय रहते ध्यान देना और इलाज कराना काफी जरूरी हो जाता है।
मोतियाबिंद
वहीं मोतियाबिंद आंखों की एक कॉमन समस्या है। यह उम्र बढ़ने के साथ ही लोगों में देखी जाती है। आमतौर पर 55 साल की उम्र के बाद मोतियाबिंद होने का खतरा अधिक हो जाता है। हालांकि कई अध्ययनों में यह पाया गया है कि यह समस्या न सिर्फ उम्रदराज लोगों को बल्कि बच्चों और वयस्कों को भी प्रभावित कर सकती हैं। मोतियाबिंद की समस्या होने पर आपको रंग फीके दिख सकते हैं। वहीं रात में देखना काफी मुश्किल हो सकता है। वहीं आप चकाचौंध के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। इसलिए समय रहते इस समस्या का निदान कराना जरूरी हो जाता है।
ब्लड प्रेशर की समस्या
ब्लड प्रेशर हाई या लो होना दोनों की स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होता है। उच्च रक्तचाप की स्थिति में रक्त वाहिकाओं और तंत्रिकाओं को नुकसान पहुंचता है और यह आंखों की रोशनी को भी प्रभावित कर सकती है। इससे धुंधली दृष्टि, दोहरी दृष्टि या दृष्टि हानि जैसी कई समस्याएं हो सकती हैं। इसी तरह से ब्लड प्रेशर लो होने पर भी धुंधला दिखने या फिर आंखों के सामने अंधेरा छाने जैसी समस्या हो सकती है। ऐसे में आपके लिए इन संकेतों को अनदेखा करना काफी खतरनाक साबित हो सकता है। क्योंकि ब्लड प्रेशर की अनियमितता होने पर हृदय रोग और हार्ट अटैक का खतरा होता है।
शुगर
बता दें कि ब्लड शुगर की तरह ही शुगर बढ़ना भी आंखों पर असर डाल सकता है। अगर आपका शुगर लेवल कंट्रोल नहीं रहता है, इसकी वजह से रक्त वाहिकाओं की समस्या होने लगती है। शुगर की समस्या वाले जातकों में रेटिनोपैथी और आंखों की अन्य समस्याओं का खतरा अधिक होता है। अगर आपको पिछले कुछ समय से धुंधला दिख रहा है, तो आपको फौरन इसकी जांच करवानी चाहिए। क्योंकि अगर हाई शुगर होने पर इलाज नहीं किया जाता है, तो इसके अन्य कई जटिलताएं हो सकती हैं।
डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।